Gold Price Fall: कमोडिटी मार्केट में ये आखिर हो क्या रहा है! सोने-चांदी के भाव में काफी उथल-पुथल मची हुई है. एक ही दिन में सोना-चांदी रिकॉर्ड हाई भी बना रहा और फिर रिकॉर्ड गिरावट भी देखी जा रही है. 4 लाख के करीब पहुंची चांदी में अचानक गुरुवार को बहुत बड़ी गिरावट देखी गई और कीमतें 65 हजार रुपये तक गिर गई. चांदी के बाद अब सोने के दाम में भी गिरावट देखी गई है. हाजिर सोने के भाव में 0.5 फीसदी की गिरावट देखी गई है.
शुक्रवार को शुरुआती एशियाई कारोबार में सोने की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई. सुरक्षित निवेश (safe-haven) की मांग और मुनाफावसूली के बीच पिछले सत्र में रिकॉर्ड ऊंचाई और फिर भारी गिरावट के उतार-चढ़ाव भरे दौर के बाद पीली धातु (सोने) की कीमतों में यह नरमी आई है. इन्वेस्टिंग डॉट कॉम के मुताबिक, हाजिर सोना (Spot Gold) 0.5% गिरकर 5,342.70 डॉलर प्रति औंस पर आ गया. हालांकि अप्रैल के लिए सोना वायदा (Gold Futures) 0.3% के बदलाव के साथ 5,365.39 डॉलर प्रति औंस हो गया.
सोना करीब 7,000 गिरा
शुक्रवार सुबह 9:15 बजे सोने के दाम में करीब 7,000 रुपये की गिरावट देखी गई. 5 फरवरी 2026 डिलीवरी वाले सोने का भाव 1,62,000 रुपये/10 ग्राम है, जो पिछले बंद भाव से 7403 रुपये या लगभग 4.37% की गिरावट दर्शाता है. आज 30 जनवरी 2026 की सुबह 9:05 बजे तक के आंकड़ों के मुताबिक ये कॉन्ट्रैक्ट 1,67,899 रुपये पर खुला था, जबकि पिछला बंद भाव 1,69,403 रुपये रहा था.
गिरावट के बावजूद कीमतें उफान पर
सोने की कीमतों में हल्की गिरावट के बावजूद, कीमतें ऊंची बनी हुई है, जिसने जनवरी को शानदार महीना बना दिया है. जनवरी में सोने ने करीब 24% की बढ़त जोड़ी है. हाजिर सोना इस महीने लगभग 24% की तेजी के साथ कारोबार कर रहा है और ये 1980 के दशक के बाद से अपनी सबसे अच्छी मासिक बढ़त की ओर बढ़ रहा है. वहीं दूसरी ओर चांदी इस महीने 62% से अधिक की बढ़त हासिल करने की ओर अग्रसर है. जनवरी के दौरान सोने की कीमत में करीब 1,000 डॉलर प्रति औंस का इजाफा हुआ, क्योंकि सुरक्षित निवेश की होड़ में यह सबसे आगे रहा. दुनिया भर में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव, विशेष रूप से अमेरिका और अन्य वैश्विक शक्तियों के बीच खींचतान ने धातुओं और भौतिक संपत्तियों के लिए सुरक्षित निवेश की मांग को बढ़ा दिया.
Vishva News serves as the Editor of Vishva News, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering local, regional, and national developments.

