जगदलपुर- छत्तीसगढ़ में नक्सलियों ने शहीदी सप्ताह के दौरान का वीडियो जारी किया है, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों की मौजूदगी के बीच नक्सली रैली निकालते और नाट्य कार्यक्रम व गीतों के जरिये मारे गए साथियों को श्रद्धांजलि देते नजर आ रहे हैं। यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। इस पर प्रदेश के गृह मंत्री विजय शर्मा ने कड़ा रुख अपनाते हुए स्पष्ट बयान दिया है। उन्होंने कहा कि बस्तर के गांव-गांव तक विकास का मार्ग प्रशस्त करना है, देश के संविधान को हर कोने तक पहुंचाना है और लोकतंत्र को बहाल करना है। इस रास्ते में जो भी बाधा बनेगा, उसे हटाया जाएगा इसमें किसी को कोई संशय नहीं होना चाहिए।
गृहमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि चाहे कोई स्मारक बने या नक्सली कोई आयोजन करें, सरकार को इससे कोई फर्क नहीं पड़ता। उन्होंने कहा, मेरी फिर से यह अपील है कि नक्सली मुख्यधारा में लौटें और शांति के साथ चलें। जो लोग आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा में शामिल होंगे, उनके खिलाफ दर्ज मामलों को हम वापस लेने की प्रक्रिया में हैं।
हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि जो नक्सली शिक्षादूतों या ग्रामीणों की हत्या करते हैं, उनके लिए पुनर्वास का रास्ता हमेशा के लिए बंद कर दिया जाएगा। यदि वे भविष्य में भी पकड़े जाते हैं, तो उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और किसी भी हालत में उनके केस वापस नहीं लिए जाएंगे।
Vishva News serves as the Editor of Vishva News, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering local, regional, and national developments.

