रायपुर : छत्तीसगढ़ के लोक शिक्षण संचालनालय ने स्पेशल एजुकेटर (प्राथमिक, उच्च प्राथमिक एवं माध्यमिक) के 100 पदों पर सीधी भर्ती से संबंधित पात्र अभ्यर्थियों की अंतरिम सूची जारी कर दी है। इस सूची को संचालनालय की आधिकारिक वेबसाइट https://eduportal.cg.nic.in पर देखा जा सकता है।
संचालनालय के अधिकारियों के अनुसार, 18 अक्टूबर 2025 को जारी सूचना पत्र के बाद प्राप्त दावा-आपत्तियों का परीक्षण एवं निराकरण दावा-आपत्ति समिति द्वारा कर लिया गया है। इसके बाद पात्र अभ्यर्थियों की यह अंतरिम सूची तैयार की गई है। अभ्यर्थी इस सूची पर 28 अक्टूबर 2025 को दोपहर 12 बजे से शाम 5 बजे तक अपने दावा-आपत्ति आवेदन प्रस्तुत कर सकेंगे। आवेदन केवल स्वयं उपस्थित होकर लोक शिक्षण संचालनालय, प्रथम तल, खंड-C, इन्द्रावती भवन, अटल नगर, नवा रायपुर में जमा करने होंगे। दावे के समर्थन में आवश्यक दस्तावेज संलग्न करना अनिवार्य रहेगा।
अधिकारियों ने यह स्पष्ट किया है कि पूर्व में अमान्य किए गए अभ्यर्थियों से दावा-आपत्ति पहले ही स्वीकार की जा चुकी है, अतः वर्तमान अंतरिम सूची पर केवल पात्र अभ्यर्थियों से ही दावा-आपत्तियां स्वीकार की जाएंगी। साथ ही यह भी उल्लेखनीय है कि सूची में अभ्यर्थी को पात्र दर्शाया जाना उसके चयन की गारंटी नहीं माना जाएगा। अभ्यर्थी पात्रता सूची देखने एवं दावा-आपत्ति से संबंधित सभी जानकारी संचालनालय की आधिकारिक वेबसाइट https://eduportal.cg.nic.in पर प्राप्त कर सकते हैं।
Vishva News serves as the Editor of Vishva News, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering local, regional, and national developments.

