ब्रेकिंग
सूचना
PRAVEEN GUPTA / Sat, May 2, 2026 / Post views : 55
रिजर्व गार्ड के तीन जवान शहीद, एक गंभीर रूप से घायल
कांकेर-नारायणपुर सीमा क्षेत्र के छोटे बेठिया थाना क्षेत्र का मामला
रायपुर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले से एक बेहद दुखद और गंभीर खबर सामने आई है। कांकेर–नारायणपुर सीमा क्षेत्र में तलाशी और बारूदी सुरंग निष्क्रिय करने के अभियान के दौरान अचानक हुए आईईडी विस्फोट में जिला रिजर्व गार्ड के तीन जवान शहीद हो गए, जबकि एक अन्य जवान गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, सुरक्षा बलों को पहले से इनपुट मिला था कि इलाके में बड़ी संख्या में बारूदी सुरंगें छिपाकर रखी गई हैं। इसी सूचना के आधार पर डीआरजी और छत्तीसगढ़ पुलिस की संयुक्त टीम डी-माइनिंग और सर्च ऑपरेशन के लिए निकली थी। अभियान के दौरान जैसे ही टीम एक संदिग्ध क्षेत्र में पहुंची, तभी जोरदार धमाका हुआ, जिसने चार जवानों को अपनी चपेट में ले लिया।
घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान तीन जवानों ने दम तोड़ दिया। शहीदों में डीआरजी प्रभारी सुखराम वट्टी, कॉन्स्टेबल कृष्णा कोमरा और कॉन्स्टेबल संजय गढपाले शामिल हैं। वहीं, घायल कॉन्स्टेबल परमानंद कोमरा का इलाज जारी है।
क्षेत्र में अब भी छिपे हुए कई विस्फोटक
यह घटना इसलिए भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है क्योंकि हाल ही में राज्य को माओवादी प्रभाव से मुक्त घोषित किया गया था। इसके बावजूद इस तरह का विस्फोट यह संकेत देता है कि क्षेत्र में अब भी छिपे हुए विस्फोटक और खतरे मौजूद हैं।
इलाके में सुरक्षा बल अलर्ट
घटना के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा बलों को अलर्ट कर दिया गया है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी गई है। साथ ही, जंगलों में छिपी बारूदी सुरंगों को खोजने और निष्क्रिय करने के अभियान को और तेज करने की तैयारी की जा रही है।
Tags :
विज्ञापन
विज्ञापन