ब्रेकिंग
सूचना
Vishva News / Tue, Jul 14, 2026 / Post views : 14
कवर्धा - छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश की सीमा पर स्थित चिल्फी घाटी में अंतरराज्यीय बस स्टैंड का सपना पिछले करीब 15 वर्षों से अधूरा है। क्षेत्रवासियों की लगातार मांग के बाद बस स्टैंड निर्माण के लिए राशि स्वीकृत हुई थी, लेकिन वर्ष 2022-23 में प्रस्तावित निर्माण कार्य शुरू ही नहीं हो सका। सरकार बदलने के बाद मामला ठंडे बस्ते में चला गया और आज तक निर्माण की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं हुई।
हाईवे पर इंतजार, सुरक्षा भी चुनौती
वर्तमान में सभी यात्री बसें राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर रुकती हैं। यात्रियों को दिन-रात सड़क किनारे खड़े होकर बसों का इंतजार करना पड़ता है। बरसात में भीगना और गर्मी में तेज धूप झेलना उनकी मजबूरी बन गई है। हाईवे पर बसों का इंतजार करना दुर्घटना की आशंका भी बढ़ाता है, जिससे यात्रियों की सुरक्षा पर लगातार सवाल उठ रहे हैं।
बंद हो रहीं दुकानें, परिसर बना पार्किंग स्थल
बस स्टैंड परिसर में बनाए गए व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स की अधिकांश दुकानें बंद हो चुकी हैं। वर्तमान में केवल पांच दुकानें ही संचालित हैं, लेकिन बसों का संचालन बस स्टैंड से नहीं होने के कारण उनका व्यापार भी प्रभावित है। पूरा परिसर अब वाहनों की पार्किंग बनकर रह गया है, जिससे सरकारी संसाधनों का भी समुचित उपयोग नहीं हो पा रहा।
निर्माण शुरू करने की उठी मांग
चिल्फी घाटी दो राज्यों को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण यातायात केंद्र है, जहां से मंडला, डिंडौरी, मैहर, सालेवारा, रेंगाखार और कवर्धा सहित कई क्षेत्रों के लिए प्रतिदिन बसों का संचालन होता है। क्षेत्र में पुलिस थाना, डाकघर और विद्यालय जैसे कई शासकीय संस्थान भी हैं। इसके बावजूद बस स्टैंड का निर्माण अधूरा है। क्षेत्रवासियों ने शासन और जनप्रतिनिधियों से स्वीकृत परियोजना को पुनर्जीवित कर शीघ्र निर्माण शुरू कराने और नए बस स्टैंड से बसों का संचालन सुनिश्चित करने की मांग की है।
Tags :
BusStand
ChilfiGhati
KabirdhamNews
PassengerIssues
BusService
विज्ञापन
विज्ञापन