ब्रेकिंग
सूचना
PRAVEEN GUPTA / Tue, Aug 12, 2025 / Post views : 31
वाशिंगटन: अलास्का में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ शुक्रवार को होने वाली शिखर वार्ता से पहले, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बड़ा बयान दिया है। ट्रंप ने दोनों देशों के बीच सामान्य व्यापार की संभावना जताई और कहा कि उन्हें मुलाकात के पहले दो मिनट में ही पता चल जाएगा कि कोई समझौता हो सकता है या नहीं। ट्रंप ने सोमवार को व्हाइट हाउस में एक ब्रीफिंग को संबोधित करते हुए यह बात कही है।
जब ट्रंप से पूछा गया कि क्या उन्हें ऐसा समय दिखाई देता है जब अमेरिका और रूस के बीच सामान्य व्यापार हो सकता है, तो ट्रंप ने कहा, "हां, मुझे लगता है। रूस के पास जमीन का एक बहुत ही कीमती टुकड़ा है। अगर व्लादिमीर पुतिन युद्ध के बजाय व्यापार की ओर रुख करते हैं तो। मेरे एक दोस्त ने कहा था कि रूस इसलिए कठोर है क्योंकि वो बस लड़ते रहते हैं।"
अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा, "हम व्लादिमीर पुतिन के साथ एक बैठक करने जा रहे हैं और उस बैठक के अंत में, शायद पहले दो मिनट में, मुझे ठीक-ठीक पता चल जाएगा कि कोई समझौता हो सकता है या नहीं।" इसके अलावा, ट्रंप ने रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध को लेकर बैठक से पहले आशा व्यक्त करते हुए कहा, "मैं युद्ध विराम देखना चाहता हूं। मैं दोनों पक्षों के लिए सर्वोत्तम संभव समझौता देखना चाहता हूं।"
ट्रंप ने कहा कि रूसी तेल खरीदने के लिए भारत पर लगाए गए अमेरिकी शुल्क की वजह से पहले से ही खराब चल रही मॉस्को की अर्थव्यवस्था को बड़ा झटका लगा है। ट्रंप ने भारत को रूस का “सबसे बड़ा या दूसरा सबसे बड़ा तेल खरीदार” बताया। ट्रंप ने व्हाइट हाउस में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए दावा किया कि कई देशों पर अमेरिकी शुल्क लगाने के कारण जारी वैश्विक दबावों से रूस की अर्थव्यवस्था गंभीर रूप से प्रभावित हुई है। उन्होंने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि रूस को अपने देश के निर्माण में फिर से जुट जाना चाहिए। यह एक विशाल देश है। रूस में अच्छा प्रदर्शन करने की अपार क्षमता है। वो अच्छा प्रदर्शन नहीं कर रहे हैं। उनकी अर्थव्यवस्था इस समय अच्छा प्रदर्शन नहीं कर रही है क्योंकि इससे वह बुरी तरह प्रभावित हुई है।’’
ट्रंप ने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि हमारी बातचीत उपयोगी होगी। उन्होंने कहा कि वह बैठक के बाद यूरोपीय नेताओं से बात करेंगे। ट्रंप ने यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की के साथ बातचीत की अपनी योजना का भी ज़िक्र किया। उन्होंने कहा, ‘‘अगली बैठक जेलेंस्की और पुतिन, या जेलेंस्की और पुतिन और मेरे बीच होगी। अगर उन्हें जरूरत होगी तो मैं वहां मौजूद रहूंगा, लेकिन मैं दोनों नेताओं के बीच एक बैठक तय करना चाहता हूं।’’
Tags :
विज्ञापन
विज्ञापन