ब्रेकिंग
सूचना
Vishva News / Mon, Jul 20, 2026 / Post views : 37
नारायणपुर। सड़क दुर्घटना में दिवंगत डीएसएफ आरक्षक स्व. धनेश्वर नुरेटी की पत्नी को मिले एक करोड़ रुपये के दुर्घटना बीमा दावे में कथित अनियमितता और अवैध वसूली के मामले में पुलिस ने तत्कालीन थाना प्रभारी सुरेश चंद्र यादव को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले में एक अधिवक्ता पर भी गंभीर आरोप लगे हैं, जिसकी तलाश जारी है।
19 लाख रुपये लेने का आरोप
पुलिस के अनुसार, आरक्षक की मृत्यु के बाद उनकी पत्नी के बैंक खाते में भारतीय स्टेट बैंक के वेतन पैकेज के तहत एक करोड़ रुपये की दुर्घटना बीमा राशि जमा हुई थी। आरोप है कि तत्कालीन थाना प्रभारी सुरेश चंद्र यादव और अधिवक्ता कृष्ण कुमार वर्मा ने बीमा राशि दिलाने के नाम पर मृतक के परिजनों से 19 लाख रुपये वसूल लिए। इतना ही नहीं, आरोपियों ने शेष बीमा राशि में भी 50 प्रतिशत हिस्सेदारी की मांग की।
शिकायत के बाद हुई कार्रवाई
परिजनों का आरोप है कि विरोध करने पर उन्हें कोर्ट में मुकदमा दर्ज कराने और कानूनी कार्रवाई में फंसाने की धमकी दी गई। लगातार कथित प्रताड़ना से परेशान होकर उन्होंने पुलिस अधीक्षक कार्यालय, नारायणपुर में शिकायत दर्ज कराई।
मामला दर्ज, अधिवक्ता फरार
शिकायत की जांच के बाद कोतवाली नारायणपुर में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318, 308 सहित अन्य प्रासंगिक धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपी थाना प्रभारी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। वहीं सह-आरोपी अधिवक्ता कृष्ण कुमार वर्मा की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
Tags :
Corruption
InsuranceScam
LegalAction
Narayanpur
Fraud
विज्ञापन
विज्ञापन