ब्रेकिंग
सूचना
PRAVEEN GUPTA / Mon, Aug 11, 2025 / Post views : 29
रायगढ़- जिले में खराब सड़क के कारण बीमार पत्नी को उठाकर पति लगभग एक किलोमीटर तक पैदल चला। पड़ोसी की मदद से पति ने कीचड़ से भरी सड़क को पार किया। बाद में जब साफ रास्ता मिला, तो ऑटो से महिला को अस्पताल पहुंचाया गया। यह मामला कापू थाना क्षेत्र का है। घटना विजयनगर ग्राम पंचायत के कंडरजा मोहल्ले की है। कंडरजा से पंडरापाठ और बिलाईढोड़ी की ओर जाने वाली सड़क कई सालों से नहीं बनी है। बारिश के बाद यहां की सड़कें पूरी तरह से कीचड़ में डूबी हुई है। इस वजह से कोई भी वाहन इस रास्ते पर नहीं चलता है।
शुक्रवार को कंडरजा निवासी तुलसी बाई राठिया (55) की तबीयत अचानक बिगड़ गई। उन्हें तेज बुखार और कंपकंपी हो रही थी। जब हालत बिगड़ने लगी, तो उनके पति लक्ष्मण राठिया ने उन्हें अस्पताल ले जाने का फैसला किया। लेकिन रास्ता इतना खराब था कि न तो कोई एम्बुलेंस और न ही कोई गाड़ी उनके घर तक पहुंच सकती थी। इसलिए लक्ष्मण ने अपने पड़ोसी दुलेश्वर की मदद से पत्नी को उठाया और पैदल ही कीचड़ भरे रास्ते पर चल पड़ा। लगभग एक किलोमीटर चलने के बाद जब साफ रास्ता मिला, तो वहां ऑटो से तुलसी बाई को अस्पताल ले जाया गया।
Tags :
विज्ञापन
विज्ञापन