ब्रेकिंग
सूचना
Vishva News / Fri, Jul 17, 2026 / Post views : 48
रायपुर। छत्तीसगढ़ में स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियां शुरू हो गई हैं। इस वर्ष 15 अगस्त का आयोजन विशेष होगा, क्योंकि राष्ट्रगीत 'वंदे मातरम्' के 150 वर्ष पूरे होने का ऐतिहासिक अवसर भी मनाया जाएगा। राज्य शासन ने सभी जिलों के कलेक्टरों और विभागीय प्रमुखों को समारोह गरिमामय और प्रेरणादायी ढंग से आयोजित करने के निर्देश जारी किए हैं।
रायपुर में होगा मुख्य समारोह
राजधानी रायपुर के स्थानीय पुलिस परेड ग्राउंड में 15 अगस्त सुबह 9 बजे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ध्वजारोहण करेंगे, परेड की सलामी लेंगे और प्रदेशवासियों के नाम संदेश देंगे। समारोह में बीएसएफ, सीआरपीएफ, सीआईएसएफ, आईटीबीपी, एसएसबी, छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल, नगर सेना, एनसीसी और बैंड प्लाटून की टुकड़ियां हिस्सा लेंगी।
जिलों में मंत्री करेंगे ध्वजारोहण
सभी जिला मुख्यालयों में शासन द्वारा नामित मंत्री ध्वजारोहण करेंगे तथा मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन करेंगे। स्कूली बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी आयोजित होंगी। वहीं जनपद पंचायत, नगर पालिका और ग्राम पंचायत स्तर पर भी स्थानीय जनप्रतिनिधि ध्वजारोहण करेंगे।
शहीदों को मिलेगा सम्मान
जिला प्रशासन को स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और नक्सली हिंसा में शहीद हुए जवानों के परिजनों को सम्मानपूर्वक आमंत्रित कर सम्मानित करने के निर्देश दिए गए हैं। 15 अगस्त की रात सभी शासकीय भवनों और राष्ट्रीय महत्व के स्मारकों को आकर्षक रोशनी से सजाया जाएगा। नागरिकों से भी अपने घरों पर तिरंगा फहराने और रोशनी करने की अपील की जाएगी।
Tags :
Tiranga
VandeMataram
India
CulturalProgram
IndependenceDay
विज्ञापन
विज्ञापन